Bihar Politics: तेजस्वी ने MY-BAAP के बाद अब RJD का मतलब समझाया, महारैली में CM नीतीश पर जमकर बरसे
Tejashwi Yadav In Jan Vishwas Rally: तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से कहा कि आरजेडी केवल MY की पार्टी नहीं, बल्कि BAAP की भी पार्टी है. उन्होंने इस दौरान RJD का मतलब भी समझाया. RJD का मतलब समझाते हुए तेजस्वी ने कहा- R से राइट्स, J से जॉब्स, D से डेवलपमेंट.
Tejashwi Yadav In Jan Vishwas Rally: लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच चुका है. पीएम मोदी को सत्ता से बाहर करने के लिए महागठबंधन ने पटना में बिगुल फूंक दिया है. पटना में महागठबंधन की महारैली में राजद सुप्रीमो लालू यादव, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित वामदलों के नेताओं ने शिरकत की. महारैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा. तेजस्वी ने इस दौरान MY-BAAP के साथ-साथ RJD का मतलब भी समझाया. RJD का मतलब समझाते हुए तेजस्वी ने कहा- R से राइट्स, J से जॉब्स, D से डेवलपमेंट.

उन्होंने एक बार फिर से कहा कि आरजेडी केवल MY की पार्टी नहीं, बल्कि BAAP की भी पार्टी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार एक बार फिर पलट गए. वे कहीं भी रहें, सुखी रहें. पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि नीतीश जी हमारे चाचा तो हो सकते हैं, लेकिन वे पटना में रोजगार के झूठे पोस्टर लगवा रहे हैं. यह वही नीतीश कुमार हैं जिन्होंने 2020 में मेरे वादे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पैसा कहां से लाओगे? जो काम उन्होंने 17 साल में नहीं किया, उसे हमने 17 महीने में किया. तेजस्वी ने कहा कि हम पूछना चाहते हैं कि उन्होंने 10 लाख नौकरियों का वादा किसके कहने पर किया था?
बीजेपी पर हमला करते हुए तेजस्वी ने कहा कि भाजपा के लोग गोबर को गाजर का हलवा बनाकर परोस देते हैं. इतना झूठ बोलते हैं कि अब जनता भी सब जान चुकी है. पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राजद नेता ने कहा कि मोदी जी कल आपने बोला कि अपने पिता का काम-काज नहीं गिनाता है. आज मैं आपको जवाब देने आया हूं. लालू जी ने रेलवे को 90 हजार करोड़ का मुनाफा दिलवाया. आपने कितना मुनाफा दिलवाया 2014 से अबतक. लालू जी ने इतना रोजगार दिया. कुलियों को नौकरी दी. रेलवे में कुल्हड़ का कप चलवाया ताकि कुम्हार भाइयों को रोजगार मिले. भाजपा के लोग केवल बकवास बोलते हैं. केवल झूठ बोलते हैं.
परिवारवाद पर पीएम मोदी को जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी जी के पीछे सम्राट चौधरी थे, दिवंगत रामविलास पासवान के भाई पशुपति पारस थे, जीतन राम मांझी के बेटे थे. क्या इनमें परिवारवाद नहीं दिखता है. भाजपा वाशिंग मशीन के साथ-साथ डस्टबीन वाली पार्टी हो गई है. भाजपा ने दो-दो उपमुख्यमंत्री बनाया है. एक अनाप-शनाप बोलता है तो दूसरा बड़बोला है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा कि एक जो बड़बोले हैं, वह 14 साल से चुनाव नहीं लड़े हैं. अंतिम बाद चुनाव लड़कर जीते थे, वह भी राजद के टिकट पर. चाचा जी तो पलटी मारते ही हैं लेकिन सम्राट चौधरी भी उनसे कम नहीं है.



